सीएम शिवराज बोले- बेटी की पूजा करने के बाद ही सरकारी काम शुरू होंगे

भोपाल। मध्यप्रदेश में अब कोई भी सरकारी कार्य बेटी की पूजा करने के बाद ही शुरू किया जाएगा। इसमें सरकारी योजना की शुरुआत और सरकारी कार्यक्रम शामिल रहेंगे। यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के लाल परेड मैदान के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर की। इससे पहले उन्होंने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। शिवराज ने कहा कि मेधावी छात्रों के लिए लैपटॉप दिए जाएंगे।
मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी जिलों में विशेष सतर्कता रखी जा रही है। मुख्यमंत्री सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में तिरंगा फहराया और प्रदेश के लोगों को संबोधित किया। उधर कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेशभर में समिति संख्या में लोगों को झंडावंदन के कार्यक्रम में उपस्थित होने की गाइडलाइन जारी की गई है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सुबह मुख्यमंत्री निवास पर भी झंडावंदन किया तथा सलामी ली। राष्ट्रगान हुआ तथा भारत माता की जय का उद्घोष हुआ। मुख्यमंत्री ने आजादी के पर्व की सभी को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सभी शासकीय सेवकों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षा में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपना कार्य अत्यंत मेहनत लगन और निष्ठा के साथ किए जाने के फलस्वरूप उन्हें पुरस्कृत भी किया। सभी राजपत्रित अधिकारियों को प्रशंसा-पत्र, सभी निरीक्षकों को रुपये 5750, उप निरीक्षकों एवं सहायक उप निरीक्षकों को रूपये 5500 तथा प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों को रुपये 5000 का पुरस्कार प्रदान किया गया।