देश में पहली बार एक दिन में मिले 62 हजार से ज्यादा मरीज

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। नतीजा यह है कि शुक्रवार को देश में अब तक के सबसे ज्यादा 62 हजार मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 20 लाख के पार जा चुकी है। इतना ही नहीं देश में पिछले 21 दिनों में 10 लाख नए मरीज सामने आ गए हैं और इसी वजह से आंकड़ा 10 लाख से 20 लाख पर पहुंच गया है। हालांकि, इस सब के बीच मरीजों को ठीक होने की रफ्तार भी बढ़ी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इस बीमारी से उबरने वाले मरीजों की संख्या 13.78 लाख हो गई है।
जानकारी के अनुसार, महज दो दिन पहले ही कोरोना वायरस के मामलों का आंकड़ा 19 लाख के पार पहुंचा था। देश में कोरोना के मामलों को एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन का वक्त लगा था और 59 दिन में यह आंकड़ा 10 लाख के पार चला गया। लेकिन संक्रमण के मामलों को 10 से 20 लाख तक पहुंचने में महज 21 दिन लगे। यह लगातार नौवां दिन है जब कोरोना के एक दिन में 50,000 से अधिक मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार एक दिन में कोरोना के 62,538 मामले आने से संक्रमण के कुल मामले 20 लाख 27 हजार 74 पर पहुंच गए हैं। बीते 24 घंटे में 886 और लोगों के इस संक्रामक रोग से दम तोड़ने से मृतकों की कुल संख्या 41,585 हो गई है। साथ ही इस दौरान कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर शुक्रवार को 13 लाख 78 हजार 105 हो गई। यानी देश में स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर 67.98 प्रतिशत है। सक्रिय मामले छह लाख सात हजार 384 रह गए हैं, जो संक्रमण के कुल मामलों का 29.96 प्रतिशत है। मरने वाले लोगों की दर गिरकर 2.07 प्रतिशत रह गई है।