एक दिन में आए रिकॉर्ड 56 हजार नए केस, देश में संक्रमितों की कुल संख्या 17 लाख के करीब

देश में कोरोना की स्थिति गंभीर होती जा रही है। शुक्रवार को रिकॉर्ड 56 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 17 लाख के करीब पहुंच गया। हालांकि 35 हजार से ज्यादा मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली है और स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या भी करीब 11 लाख हो गई है। अब तक 36 हजार से ज्यादा लोगों का जान भी जा चुकी है। रात 11 बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार देर रात से अब तक 56,063 नए केस सामने आए हैं और संक्रमितों की कुल संख्या 16 लाख 91 हजार 365 हो गई है। अब तक 10 लाख 89 हजार 926 मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं और सक्रिय मामले पांच लाख 64 हजार 936 ही रह गए हैं। महामारी ने अब तक 36,503 मरीजों की जान भी ले ली है। शुक्रवार को 759 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 265, तमिलनाडु में 97, कर्नाटक में 84, आंध्र प्रदेश में 68, उत्तर प्रदेश में 43, दिल्ली में 27, गुजरात में 23, पंजाब में 16, तेलंगाना में 14, बिहार में 13, जम्मू-कश्मीर में 12 और मध्य प्रदेश में 10 मौतें शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में भी स्थिति गंभीर होती जा रही है। राज्य में 4,453 नए संक्रमित मिले हैं और इसके साथ कुल मामलों की संख्या 85 हजार 261 हो गई है। राज्य में अब तक 1,630 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसी तरह बिहार में भी 2,986 नए केस सामने आए हैं मरीजों का आंकड़ा 50 हजार को पार कर गया है। मध्य प्रदेश में 836 नए केस के साथ 31 हजार 806 और ओडिशा में 1499 नए मामलों के साथ 31 हजार 877 मामले सामने आ चुके हैं।
महाराष्ट्र में शुक्रवार को 10,320 नए मामले सामने आए, जो गुरुवार के मुकाबले कुछ कम हैं। गुरुवार को 11 हजार से ज्यादा नए केस मिले थे। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर चार लाख 22 हजार 118 हो गई है। इनमें से दो लाख 56 हजार 158 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। शुक्रवार को ही साढ़े सात हजार से ज्यादा मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली।