देश में बढ़े कोरोना संक्रमण के मामले, 14.50 लाख के पार

देश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं और अब तक यह 14.50 लाख के पार जा चुके हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच 31 जुलाई को देश में Unlock 2.0 खत्म हो रहा है और उम्मीद की जा रही है कि Unlock 3.0 को लेकर गाइडलाइन जारी हो सकती है। ऐसे में कोरोना के प्रसार को रोकना बड़ी चुनौती होगा। दूसरी तरफ कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए जांच क्षमता बढ़ाने की कोशिशों के नतीजे मिलने लगे हैं। रोजाना होने वाले नमूनों की जांच का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। एक दिन में रिकॉर्ड 5.15 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई। इससे एक दिन पहले एक दिन में 4.42 लाख और उससे एक दिन पहले 4.20 लाख सैंपल्स टेस्ट किए गए थे।
महामारी के चलते होने वाली मौत की दर भी तेजी से कम हो रही है। लेकिन संक्रमितों की संख्या रोज बढ़ रही है और यही कारण है कि देश में कुल मरीजों की संख्या 14.50 लाख को पार कर गई है। कोरोना से देश में अब तक 33 हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी हो चुकी है वहीं अब तक सवा नौ लाख से ज्यादा मरीज ठीक भी हो चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार रात जारी बुलेटिन में कहा है कि कोरोना से मृत्युदर में उत्तरोत्तर गिरावट दर्ज की जा रही है। वर्तमान में यह 2.28 फीसद है। भारत कोरोना से सबसे कम मृत्युदर वाले देशों में से एक है। दूसरी ओर मरीजों के स्वस्थ होने की दर तेजी से बढ़ रहा है। पिछले कुछ दिनों से रोज 30 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं। मरीजों के ठीक होने की दर इस समय 64 फीसद पर पहुंच गया है। राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ और अन्य स्त्रोतों से रात आठ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक रविवार देर रात से अब तक 36 हजार 514 नए मामले मिले हैं और कुल मरीजों की संख्या 14 लाख 69 हजार 287 हो गई है।