कोरोना देश में :पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 37407 मरीज बढ़े, देश में अब तक 10.77 लाख केस

देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब तक 10 लाख 77 हजार 864 मरीज हो चुके हैं। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। शनिवार को रिकॉर्ड 37407 मरीज बढ़े। वहीं, 23 हजार 552 लोग स्वस्थ भी हुए। उधर, महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3 लाख के पार हो गई है। शनिवार को राज्य में 8348 मरीज मिले। इसी तरह मुंबई देश का पहला शहर बन गया, जहां संक्रमितों की तादाद एक लाख से ज्यादा हो गई है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. वीके यादव ने कहा है कि देश में अब कोरोना का कम्युनिटी स्प्रेड शुरू हो गया है। हालात बुरे हो गए हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई से उन्होंने कहा कि रोज 30 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। सबसे बुरी बात यह है कि अब संक्रमण ग्रामीण इलाकों में फैल रहा है।
मध्यप्रदेश: भोपाल में रविवार को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजधानी में संक्रमण की दर 10% होने पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भोपाल में अब दुकानें रात 10 बजे की बजाय 8 बजे बंद होंगी।
उधर, राज्य देश में एक्टिव केस में 15वें स्थान पर है, जबकि पॉजिटिव केस में 13वें स्थान पर है। इंदौर में मरीजों का आंकड़ा 6 हजार के पार हो गया है। वहीं, कोरोना की वजह से इस बार सभी जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह सीमित करने का फैसला किया गया है।
महाराष्ट्र: राज्य के मराठवाड़ा क्षेत्र के आठ जिले औरंगाबाद, जालना, नांदेड़, लातूर, परभणी, बीड, हिंगोली और उस्मानाबाद में पिछले 24 घंटे में 678 मामले सामने आए। वहीं, इन जिलों में 17 मरीजों ने दम तोड़ दिया। औरंगाबाद में 7, जालना में 3, नांदेड़ में एक, लातूर में एक, परभणी में तीन, उस्मानाबाद में दो, बीड और हिंगोली में एक-एक व्यक्ति ने दम तोड़ा। उधर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और परभणी से महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य बाबजानी दुरानी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
राज्य सरकार ने सितंबर माह मे अंतिम वर्ष की परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के दिशा-निर्देश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। सरकार कहना है कि संक्रमण के बीच एग्जाम कराना ठीक नहीं है।