महाराष्ट्र में कोरोना / राजभवन में 16 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले, राज्यपाल कोश्यारी ने खुद को क्वारैंटाइन किया

मुंबई. महाराष्ट्र के राजभवन में एक जूनियर इलेक्ट्रिशियन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। यहां कुल 100 लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया था। इनमें से कुल 55 से 57 लोगों की रिपोर्ट आ गई है। करीब 16 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। फिलहाल, अन्य की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।
राज्य में अब तक 2 लाख 46 हजार पॉजिटिव केस
महाराष्ट्र में रविवार सुबह तक कोरोना संक्रमण के 8139 नए केस सामने आए। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में कोरोना से 223 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक 246600 पॉजिटिव मरीज मिले। अभी एक्टिव पॉजिटिव मरीजों की संख्या 99202 है। अब तक 136985 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 4360 लोग ठीक होकर घर गए। राज्य में अब तक 10116 लोगों की कोरोनावायरस से मौत हुई है।
मुंबई में 91 हजार के पार पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा
मुंबई में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 1,308 मामले सामने आए। इसके साथ शहर में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 91,457 हो गई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अनुसार, शहर में 39 और मरीजों की संक्रमण से मौत हो गई। यहां महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,241 हो गई।
मुंबई में अबतक 63,431 मरीज ठीक भी हुए
बीएमसी के अनुसार, दिनभर में कोविड-19 के 1,497 मरीज ठीक हो गए। अभी तक शहर में 63,431 मरीज ठीक हो चुके हैं। बीएमसी ने कहा कि मुंबई में अभी 22,779 मरीजों का इलाज चल रहा है। शहर में कोविड-19 के मामले 50 दिन में दोगुने हो रहे हैं।