गिरफ्तारी पर पुलिस पर सवाल उठाने वाली उमा भारती ने अब ट्वीट करके- विकास दुबे को राक्षस बताया

भोपाल. मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा है कि राक्षस विकास दुबे मारा गया। उसने देवेंद्र मिश्रा जैसे ईमानदार डीएसपी समेत 8 पुलिसकर्मियों की नृशंस हत्या की थी। इससे पहले उमा भारती ने विकास दुबे की गिरफ्तारी को लेकर लिखा था कि अब तीन बातें रहस्य की परत में हैं। इन सवालों को लेकर उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए थे। इधर, अब तक इस मामले में मध्यप्रदेश में भाजपा पार्टी और उसके नेता चुप्पी साधे हुए हैं।
इस मामले में सिर्फ गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ही जबाव दिया है। उन्होंने दिग्विजय के ट्वीट पर कहा वह खाली बैठे हैं। ऐसे में उनके पास ट्वीट करने के अलावा काम क्या है। मध्य प्रदेश पुलिस ने कानून के दायरे में रहकर काम करते हुए आरोपी को यूपी पुलिस को सौंपा था। उसके बाद की जिम्मेदारी उनकी थी।
समाजवादी पार्टी का ट्वीट: विकास दुबे के साथ उन सभी सबूतों, साक्ष्यों का भी एनकाउंटर हो गया जिससे अपराधियों,पुलिस और सत्ता में बैठे उसके संरक्षकों का पर्दाफाश होता! विकास के जरिए उन सभी को बचाने की कोशिश की है जो नेक्सेस में उसके मददगार रहे?आखिर उन सत्ताधीशों पर कार्रवाई का क्या जिनका नाम उसने स्वयं लिया? एक अन्य यूजर ने लिखा, विकास भागना तो दूर बहुत पैदल भी नहीं चल सकता था। उसके पांव में स्टील लगा था फिर वह पुलिस का हथियार लेकर कैसे भाग रहा था? यह फ़र्ज़ी एनकाउंटर है।