Now Reading
प्रदेश की तीन सीटों के लिए मतदान शुरू, दोनों दलों की कोशिश पहले उनके विधायक मतदान कर दें

प्रदेश की तीन सीटों के लिए मतदान शुरू, दोनों दलों की कोशिश पहले उनके विधायक मतदान कर दें

भोपाल. प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों की कोशिश है कि पहले उनके विधायक मतदान कर दें। इसके लिए भाजपा विधायक करीब साढ़े आठ बजे ही विधानसभा परिसर में पहुंच गए थे। वहीं कांग्रेस विधायक पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बंगले पर इकट्ठे होने के बाद विधानसभा परिसर पहुंच गए हैं। फिलहाल विधानसभा के गेट पर विधायकों की थर्मल सक्रीनिंग के बाद प्रतीक्षाकक्ष में बैठाया जा रहा है। यहां उनसे लिखित में उनकी और परिवार के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली जा रही है। उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते 3 सीटों पर चुनाव टाल दिए गए थे।चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सौलंकी भाजपा प्रत्याशी है। कांग्रेस से दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया मैदान में हैं।

प्रदेश में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों के लिए सुबह नौ बजे मतदान शुरू हो गया है। शाम चार बजे तक मतदान होगा। पांच बजे से मतगणना शुरू होगी और देर शाम तक नतीजे घोषित हो जाएंगे। मतदान में कुल 206 विधायक हिस्सा लेंगे। विधानसभा में विधायकों और उम्मीदवारों के अलावा किसी अन्य के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया गया है। मतदान करने आने वाले विधायकों की गेट पर थर्मल सक्रीनिंग की जाएगी। शरीर का तापमान सामान्य होने के बाद ही परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। भाजपा की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सौलंकी मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया मैदान में हैं। दोनों दलों के विधायकों की संख्या को देखते हुए दो सीट पर भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाना तय है।

पहली बार विधानसभा परिसर के सेंट्रल हॉल में मतदान होगा। हर विधायक को स्वास्थ्य की जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके लिए तीन जगह स्वास्थ्य विभाग का दल तैनात रहेगा। कोरोना पॉजिटिव कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी पीपीई किट में मतदान के लिए सबसे अंत में आएंगे। इनका मतपत्र भी अलग लिफाफे में रखा जाएगा और सबसे अंत में इसे गिनती में शामिल किया जाएगा। विधानसभा में ज्यादा विधायकों के एक साथ उन्हें प्रतीक्षाकक्ष में बैठाया जाएगा। यहां एक बार फिर मतदान से पहले डॉक्टर विधायकों की सक्रीनिंग करेंगे। विधायकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में लिखित में जानकारी ली जाएगी। गुरुवार शाम को सेंट्रल हाल(जहां मतदान होना) को सैनिटाइज कराने के बाद शुक्रवार सुबह एक बार फिर से सैनिटाइज कराया गया है।

मतगणना प्रक्रिया की पूरी वीडियोग्राफी होगी

विधानसभा में कोरोना संक्रमण को देखते हुए शारीरिक दूरी के साथ सभी सुरक्षा के उपाय अपनाए जाएंगे। मतदान के लिए विधायकों का प्रवेश एक नंबर द्वार (मंत्रालय की ओर) और वापसी तीन नंबर द्वार से होगी। सांची द्वार से प्रवेश करते हुए विधायक सेंट्रल हॉल में बनाए गए मतदान केंद्र में पहुंचेंगे। यहां कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवार, उनके अधिकृत अभिकर्ता और दल के प्रतिनिधियों के बैठने का अलग से इंतजाम किया गया है। एक-एक विधायक मतदान केंद्र में आएंगे और मतपत्र में वरीयता अंकित कर मतपत्र मतपेटी में डालेंगे। मतदान और मतगणना प्रक्रिया की पूरी वीडियोग्राफी कराई जाएगी और इसे चुनाव आयोग भेजा जाएगा।

View Comments (0)

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Scroll To Top