कपास फैक्ट्री में भीषण आग, मालिक बोले- एक करोड़ रुपए से ज्यादा का माल जल गया

बड़वानी. बड़वानी में कपास फैक्ट्री में शुक्रवार अलसुबह भीषण आग लग गई। आगजनी में एक करोड़ रुपए से ज्यादा की कपास गठान और कांकडे जल कर राख हो गए। आग की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश यादव टीम समेत मौके पर पहुंचे। आग इतनी भीषण थी कि चार अलग-अलग शहरों से आई फायर टीम ने करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया। जिनिंग मालिक के अनुसार, आग में एक करोड़ रुपए से ज्यादा की नुकसानी हुई है।
आग बड़वानी के नवलपुरा स्थित कपास फैक्ट्री में शुक्रवार तड़के तीन से साढ़े 3 बजे के बीच लगी थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश यादव तत्काल मौके पर पहुंचे। यहां आग लगातार बढ़ती जा रही थी। मौके पर बड़वानी के साथ राजपुर, सेंधवा और अंजड़ से भी तत्काल फायर बिग्रेड को बुलवाया गया। फायर टीम ने आग के फैलाव को रोकने के लिए बची हुई कपास को गीला करना शुरू किया। करीब 7 घंटे तक लगातार पानी के छिड़काव के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि इसके बाद भी कपास की गठानों में काफी देर तक धुआं उठता रहा।
जिनिंग फैक्ट्री संचालक नवीन कुमार जैन की मानें तो आग देर रात लगी थी। आगजनी में 1200 रुई गठान और 1000 बोरी का कांकड़ा जलकर खाक हो गया है। जैन के अनुसार आगजनी में एक करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। आग किन करणों से लगी, इसकी जानकारी नहीं है।