राशन वितरण करने पहुंचे दिग्विजय तो स्थिति हुई बेकाबू, पुलिस को संभालना पड़ा मोर्चा

संत हिरदाराम नगर में राशन वितरण के दौरान पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के सामने लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया। बड़ी मुश्किल से पुलिस ने उन्हें संभाला। मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 3121 एक्टिव केस हैं। यहां इससे 305 लोगों की मौत हो चुकी है और 3689 मरीज स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। इंदौर में कोरोना वायरस के 1526 एक्टिव केस हैं, वहीं भोपाल में 558, उज्जैन में 200 और जबलपुर में 47 एक्टिव केस बताए जा रहे हैं।
जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को संत हिरदाराम नगर में गरीब महिलाओं को राशन वितरण करने आए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि सरकार गरीबों के खाते में हर माह 7500 रुपए जमा कराएं ताकि लाक डाउन से बेरोजगार हुए नागरिकों को राहत मिल सके। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थी महिलाएं फिजिकल डिस्टेंस का पालन नहीं कर सकी, भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। धक्का-मुक्की के बीच पुलिस ने लाइन लगवाकर राशन वितरण करवाया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने लाक डाउन के समय से गरीबों का पूरा ध्यान रखा है राशन वितरण का काम लगातार जारी है बुधवार को संत हिरदाराम नगर में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष गोविंद गोयल एवं नानक चंद नानी की मौजूदगी में बड़ी संख्या में महिलाओं को राशन आटा एवं साबुन आदि का वितरण किया गया। इस मौके पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद भी सांसद साध्वी प्रज्ञा जनता के बीच से गायब है जबकि दिग्विजय सिंह ने चुनाव नहीं जीता फिर भी वे मानव सेवा कार्य में लगातार सक्रिय हैं राशन वितरण गोविंद गोयल के सहयोग से किया गया।