हवा में नमी हुई कम, गर्म लू के थपेड़े कर रहे लोगों को परेशान

हवा में नमी हुई कम, गर्म लू के थपेड़े कर रहे लोगों को परेशान
पूरे ग्वालियर चम्बल अंचल में भीषण गर्मी का अहसास होने लगा है और पारा चढ़ कर 45 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया है। रविवार की सुबह भी शहर गरमी के मौसम की मार झेलता नजर आया। वहीं शनिवार को दिन में 10 घंटे तक 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से लू चली। राजस्थान व गुजरात से आने वाली हवा ने पूरी नमी सोख ली, जिससे वह सामान्य से 14 फीसदी नीचे चली गई। और गर्मी से हर कोई बेहाल था। दो दिन की गर्मी ने लोगों को पिछले साल की याद दिला दी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे और लू की आशंका जताई है। तापमान भी 45 डिसे से अधिक रिकॉर्ड हो सकता है।
गर्मी का सीजन मार्च से जून के बीच रहता है। सीजन के 83 दिन बीत गए थे, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ ने शहर के लोगों को गर्मी का अहसास नहीं होने दिया। 21 मई तक अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा ऊपर नहीं जा सका। मई में भी भीषण गर्मी का अहसास नहीं हो पा रहा था, लेकिन एम्फन तूफान ने मौसम बदल दिया। तूफान ने हवा से नमी भी सोख ली। गत दिवस राजस्थान से आने वाली हवा ने तापमान बढ़ा दिया था। इसका असर शनिवार को देखने को मिला। सुबह 8 बजे से 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से लू चालू हो गई। जैसे-जैसे दिन गुजरा वैसे-वैसे पारा आसमान पर पहुंच गया। दिन में कूलर की हवा भी ठंडक नहीं पहुंचा पा रही थी।