कोरोना :दुबई से लौटे 64 साल के बुजुर्ग की मुंबई में मौत

मुंबई. यहां के कस्तूरबा अस्पताल में मंगलवार को कोरोनावायरस से 64 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। वायरस से देश में मौत का यह तीसरा मामला है। इससे पहले कलबुर्गी में 63 साल के एक व्यक्ति की और दिल्ली में 69 साल की महिला की जान गई थी। महाराष्ट्र के बुलढाणा में भी एक बीमार बुजुर्ग ने दम तोड़ा था, लेकिन बाद में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। देश में संक्रमितों की संख्या 127 हो गई है। 17 मार्च को ही 8 नए मामले सामने आए हैं।
मुंबई बीएमसी से मिली जानकारी के मुताबिक, यह बुजुर्ग दुबई से आया था और कोरोना की पुष्टि के बाद से मुंबई के कस्तूरबा मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती था। इसे खांसी, जुखाम और तेज बुखार की शिकायत थी। उसके बेटे और पत्नी भी कोरोना से पीड़ित हैं और उनका इलाज कस्तूरबा हॉस्पिटल में जारी है।
आइसोलेशन में रखे गए मरीजों के बाएं हाथ पर मुहर लगेगी
महाराष्ट्र में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। अब तक यहां 39 मरीजों में कोरोनावायरस की पुष्टि हो चुकी है, जिनका राज्य के अलग-अलग हॉस्पिटल में इलाज जारी है। राज्य के सभी स्कूल-कॉलेज, जिम और स्वीमिंग पूल बंद कर दिए गए हैं। निजी क्लासेस, परीक्षाएं टालने का भी आदेश दिया गया है। सरकार ने किसी भी तरह के धार्मिक या सामाजिक कार्यक्रमों पर पाबंदी लगा दी है। राज्य के कई मंदिरों को भक्तों के लिए बंद कर दिया गया है। हाईकोर्ट में सिर्फ 2 घंटे और जिला अदालतों में 3 घंटे ही काम होगा। पुणे में सबसे ज्यादा 16 मरीज मिलने के बाद अब यहां के शनिवारवाड़ा किले को भी अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 39 होने के बाद राज्य सरकार ने वहां आइसोलेशन में रखे गए मरीजों के बाएं हाथ पर मुहर लगाने की शुरुआत की गई है।