Now Reading
बिहार: राजद ने प्रेम चंद्र गुप्ता और अमरेंद्र धारी सिंह को उतारा, ठुकरा दी कांग्रेस की मांग

बिहार: राजद ने प्रेम चंद्र गुप्ता और अमरेंद्र धारी सिंह को उतारा, ठुकरा दी कांग्रेस की मांग

पटना. राज्यसभा चुनाव के लिए राजद ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने गुरुवार को बताया कि पार्टी ने प्रेम चंद्र गुप्ता और अमरेंद्र धारी सिंह को राज्यसभा का टिकट दिया है। कांग्रेस राज्यसभा का एक सीट मांग रही थी, लेकिन राजद ने इस मांग को ठुकरा दिया है।

भाजपा कोटे से डॉ. सीपी ठाकुर के पुत्र विवेक ठाकुर राज्यसभा जाएंगे। दिल्ली ने उनकी उम्मीदवारी तय कर दी है। जदयू ने बिहार से राज्यसभा की अपने हिस्से की दो सीटों पर मौजूदा सदस्य हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर को उम्मीदवार बनाने का फैसला लिया है।

एनडीए को दो सीटों का नुकसान, जदयू-भाजपा की 1-1 सीट कम
बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं। तीन जदयू की और दो भाजपा सदस्य 9 अप्रैल को रिटायर्ड होंगे। हालांकि, इनमें एनडीए को तीन सीटें ही वापस मिलेंगी। इसमें दो सीट जदयू को और एक भाजपा को मिलेगी। फायदा राजद को होगा। उसे दो अतिरिक्त सीटें मिलने जा रही हैं। राज्यसभा के उपसभापति व जदयू के हरिवंश नारायण सिंह, रामनाथ ठाकुर, कहकशां परवीन जबकि भाजपा के आरके सिन्हा और डॉ. सीपी ठाकुर का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

कहकशां जा सकती हैं विधान परिषद
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि हमने सबसे उपयुक्त उम्मीदवारों का चयन किया है। उन्होंने कहकशां परवीन का टिकट कटने के सवाल पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार कहकशां को मई में विधान परिषद में एडजस्ट किया जा सकता है।

उधर, भाजपा के आरके सिन्हा भी टिकट के प्रबल दावेदार थे। पार्टी ने इनके अलावा कई और नामों पर विचार किया। प्रदेश कोर कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल को नाम केन्द्रीय नेतृत्व को भेजने के लिए अधिकृत किया था। केन्द्रीय नेतृत्व ने प्रदेश नेतृत्व के भेजे नामों में से विवेक ठाकुर के नाम पर अपनी सहमति दी।

View Comments (0)

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Scroll To Top