भाजपा विधायक संजय पाठक ने कहा, सियासी कारणों से मेरी जान को खतरा

मध्य प्रदेश में चल रहे सियासी घमासान के बीच भाजपा विधायक संजय पाठक ने कहा कि मैं भाजपा में था भाजपा में हूं भाजपा में रहूंगा, सियासी कारणों से मेरी जान को खतरा हो सकता है।
भारतीय जनता पार्टी के विधायक संजय पाठक शुक्रवार को सामने आए और उन्होंने दावा किया कि वे मुख्यमंत्री निवास नहीं गए थे। भाजपा विधायक संजय पाठक ने कहा कि मैं भाजपा में था भाजपा में हूं भाजपा में रहूंगा, सियासी कारणों से मेरी जान को खतरा हो सकता है। मेरे बारे में भ्रामक असत्य खबरें चलाई जा रही हैं मैं कल मुख्यमंत्री निवास नहीं गया। मुंह छिपाते हुई जो तस्वीर उनकी बताई जा रही है, वह तस्वीर भी उनकी नहीं है। सूत्रों के मुताबिक निवास से निकलने वाले जिस शख्स को संजय पाठक बताया जा रहा है वह कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री बिसाहूलाल सिंह का बेटा है। जिस गाड़ी से वह मुख्यमंत्री निवास से निकला था, वह गाड़ी भोजपुरी स्थित किसी शर्मा के नाम से पंजीकृत है।
जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा का बयान- फ्लोर टेस्ट में हम फिर पास होंगे
मध्य प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कैबिनेट की बैठक की जानकारी देने मीडिया के सामने आए तो उन पर सियासी संकट से जुड़े सवाल होने लगे। इस पर मंत्री शर्मा ने कहा कि जब भी फ्लोर टेस्ट होगा तो हम वापस इसमें पास होंगे, पहले भी विपक्ष ने इसकी कोशिश की थी, तो कुछ भाजपा विधायक हमारे साथ आ गए थे। विधायक हरदीप सिंह डंग के इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि इस बारे में तरह-तरह की बातें सामने आ रही, यह भी कहा जा रहा है कि उनके सिग्नेचर फर्जी है। हरदीप सिंह डंग जब सीएम कमलनाथ से मिलेंगे तब उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। भाजपा चाहे कितने ही तोड़-फोड़ की कोशिश कर ले, वो इसमें कामयाब नहीं होगी। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि कैबिनेट में बजट को मंजूरी मिल गई है, यह करीब पौने दो लाख करोड़ का होगा।