भाजपा विधायक वीरेंद्र सिरोही का दिल्ली में निधन, लीवर की बीमारी से पीड़ित थे

बुलंदशहर. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर सदर सीट से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही का सोमवार सुबह निधन हो गया। सिरोही 74 वर्ष के थे। लीवर की बीमारी से पीड़ित विधायक दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती थे, जहां सोमवार सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली। सिरोही के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है।
सिरोही का शव सोमवार को उनके बुलंदशहर के प्रीत विहार स्थित आवास ले आया जाएगा। सिरोही बुलंदशहर सीट से कई बार विधायक रहे। वह उत्तर प्रदेश में राजस्व मंत्री के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। फिलहाल, वह यूपी विधानसभा में मुख्य सचेतक के पद पर नियुक्त थे।
सिरोही ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रतिद्वंद्वी बसपा के हाजी अलीम को हराया था। उस समय सिरोही भाजपा के मुख्य सचेतक विधान मंडल दल के नेता भी थे। वह कल्याण सिंह सरकार में राजस्व मंत्री भी रहे। उनके निधन की सूचना मिलने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनके बेटे से फोन पर बातचीत की। खुद सीएम उनको श्रद्धांजलि देने के लिए बुलंदशहर आ सकते हैं। सिरोही का पार्थिव शरीर दिल्ली से बुलंदशहर लाया जाएगा और फिर यहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।