प्राइवेट बस डिवाइडर क्रॉस कर दूसरी दिशा में पलटी, 1 महिला सवारी की मौत

कुरुक्षेत्र । कुरुक्षेत्र से पिहोवा जा रही प्राइवेट बस गुरुवार को अनियंत्रित होकर डिवाइडर क्रॉस करते हुए दूसरी दिशा में जा पलटी। इस हादसे में एक महिला सवारी की मौत हो गई, जबकि 5 सवारी घायल हैं। घायलों में से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुरुक्षेत्र से पिहोवा जा रही प्राइवेट बस करीब 10.30 बजे ज्योतिसर के नजदीक पहुंची थी। सवारियों का आरोप है कि ड्राइवर फोन पर बात कर रहा था कि अचानक बस अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर बस कंट्रोल नहीं कर पाया तो वह डिवाइडर क्रॉस करते हुए दूसरी दिशा में चली गई और सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के वक्त बस में करीब 50 सवारियां थी। एक महिला शीला की मौके पर मौत हो गई। उसका पति गुरदयाल भी बस में सफर कर रहा था। दोनों नए बस अड्डे से पिहोवा के लिए बस में सवार हुए थे। हादसे में 5 सवारियां घायल हुई हैं। इनमें से तीन को गंभीर चोट आई है, जिसके चलते इन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। इनकी पहचान काजल, मुस्कान और शिवम के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।