हिंदू धर्म छोड़ने वाली महिला की मौत, मंत्री गिरिराज ने उसके परिजन को हाथ जोड़कर दाह संस्कार के लिए मनाया

बेगूसराय. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में एक महिला के शव का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार कराया। महिला पहले हिंदू थी। उसने ईसाई धर्म अपना लिया था। महिला की मौत के बाद परिजन उसके शव को उसी धर्म के रीति-रिवाज के अनुसार दफनाने ले जा रहे थे। इसकी सूचना पहले बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली, तो वे मौके पर पहुंचे और महिला के परिजन को मनाया, लेकिन वे नहीं माने।
इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के पास पहुंचे। सिंह ने रास्ते में शव ले जा रहे वाहन को रुकवाया। गिरिराज ने हाथ जोड़कर महिला के परिजन से शव का अंतिम संस्कार हिंदू धर्म के अनुसार करने की अपील की। उन्होंने परिजन को समझाया कि कुछ धर्म के लोग हिंदुओं को बरगला कर धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। लालच देकर हिंदुओं का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। धर्म से बड़ी कोई चीज नहीं है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इसे लेकर सख्त कानून बनाए ताकि कोई लालच देकर ऐसे गलत काम न करें।
गिरिराज के आग्रह को परिजन ने स्वीकार किया और महिला के शव का दाह संस्कार सिमरिया स्थित गंगा घाट पर किया।