शर्जील इमाम सुबह दिल्ली ले जाया गया, महिला थाने में रातभर सोया नहीं

पटना. देशद्रोह के आरोपी शर्जील इमाम (जेएनयू का रिसर्च स्कॉलर) को दिल्ली पुलिस विमान से दिल्ली ले गई। बुधवार सुबह उसे महिला थाने से एयरपोर्ट ले जाया गया। शर्जील को महिला थाना में कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार की रात रखा गया। यहां उसे महिला थाना में नींद नहीं आई। उसे खाने में रोटी, पराठा और सब्जी दी गई। लेकिन, उसने थोड़ा ही खाया।
भाई से मिले सुराग पर देशद्रोह का आरोपी शर्जील मंगलवार को पुलिस के हत्थे चढ़ा था। उसे जहानाबाद के काको गांव से पकड़ा गया था। सुरक्षा व्यवस्था के बीच काको थाने में लाकर रखा गया। यहां दिल्ली पुलिस के अफसर और जहानाबाद के एसपी मनीष ने उससे पूछताछ की। बाद में कोर्ट में पेश करने के बाद 36 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर शर्जील को दिल्ली पुलिस की टीम को सौंप दिया गया। यहां से शर्जील को लेकर दिल्ली पुलिस की टीम पटना पहुंची। जहां उसे गर्दनीबाग थाने के पास महिला थाने में रखा गया।
दो पुलिस अफसर दिल्ली लेकर जाएंगे
शर्जील को बुधवार सुबह 10:45 बजे की इंडियो की फ्लाइट से दिल्ली ले जाया गया। उसके साथ दिल्ली क्राइम ब्रांच के दो पुलिस अफसर जाएंगे। शर्जील की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली क्राइम ब्रांच के 9 पुलिस अफसर आए थे। बाकी पुलिस अफसर दूसरे फ्लाइट से दिल्ली जाएंगे।
पुलिस की दबिश बढ़ते ही छिपता रहा शर्जील
शर्जील के भड़काऊ भाषण का वीडियो वायरल होने पर यूपी समेत कई राज्यों की पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं। दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच थाने में भी देशद्रोह और अन्य आरोपों में एफआईआर (नंबर : 22-2020) दर्ज की गई। पुलिस की दबिश बढ़ते ही शर्जील गिरफ्तारी से बचने के लिए छिप रहा था।
पटना और गया में भी सीएए के विरोध में धरना में शामिल हुआ था
देशद्रोह और अन्य संगीन आरोपों में घिरने के बाद शर्जील पटना आया था। इस दौरान वह सब्जीबाग में सीएए के खिलाफ चल रहे धरनास्थल पर जाकर लोगों से मिला था। फिर फुलवारीशरीफ इलाके के मित्रमंडल कॉलोनी की ओर भी किसी से मिलने गया था। गया में भी धरना दे रहे लोगों से उसने मुलाकात की थी।