लाेहरदगा में 26 की सुबह छह बजे तक कर्फ्यू

लोहरदगा. सिटीजनशिप अमेंडमेंट एक्ट (सीएए) के समर्थन में विहिप की रैली पर पथराव के बाद बिगड़े हालात पर काबू पाने के लिए जिला प्रशासन ने कर्फ्यू की मियाद 26 जनवरी की सुबह छह बजे तक बढ़ा दी गई है। वहीं, लोहरदगा घटना के विरोध में शनिवार को भी गुमला पूरी तरह से बंद रहा। बसों का परिचालन भी ठप रहा। सुरक्षा के मद्देनजर सभी चौक-चौराहे पर पुलिस जवानों की बड़ी संख्या तैनात की गई है।
घटना के विरोध में कल भी था बंद
लोहरदगा घटना के विरोध में शुक्रवार को घाघरा और बिशुनपुर बंद रहा था। बिशनपुर प्रखंड मुख्यालय के पास बंद समर्थकाें ने सुबह 7 बजे सड़क पर टायर जलाकर जाम कर दिया गया था। स्थानीय लोगों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। दोपहर 12 बजे सड़क जाम हटा। घाघरा में भी घटना के विरोध में दुकानें बंद रहीं। बंद समर्थकों ने घाघरा-लोहरदगा मुख्य पथ पर टायर जलाकर जाम किया।
आईजी कर रहे कैंप, हालात पर नजर रख रहे अफसर
इधर, लोहरदगा में चप्पे-चप्पे पर रैपिड एक्शन फोर्स, सीआरपीएफ, जैप और जिला पुलिस बल के जवान तैनात हैं। शांति व्यवस्था बहाल करने में 12 डीएसपी ने माेर्चा संभाल रखा है। आईजी नवीन सिंह व साकेत कुमार सिंह ने लाेहरदगा में कैंप कर रखा है।