आर्मी एरिया से दो संदिग्ध युवक गिरफ्तार
ग्वालियर के उपनगर मुरार स्थित आर्मी कैंट एरिया में दो युवकों को सेना की मदद से पकड़ा गया है। पंजाब के रहने वाले दोनों युवक जवानों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की कोशिश कर रहे थे। इन युवकों का असल मकसद क्या था इसके बारे में पतारसी की जा रही है।
दरअसल उपनगर मुरार स्थित कुमाऊं रेजीमेंट इलाके में दो संदिग्ध युवक जवानों के लाइसेंस बनाने की कोशिश कर रहे थे। युवक क्यों सेना के जवानों का ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसकी जानकारी जब आला अफसरों को लगी तो सेना के अधिकारी बाबूलाल ने मुरार पुलिस को इत्तिला दी और दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।पकड़े गए दोनों युवक पंजाब के पठानकोट के रहने वाले हैं। इनके नाम सौरव और अमित गुलेरिया बताए गए हैं। पकड़े गए युवकों से कुछ दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस इन दस्तावेजों की तस्दीक कर रही है। इसके लिए पंजाब पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है।