मध्य प्रदेश में फिर चली शीतलहर: ग्वालियर में 6.8 डिग्री दर्ज किया गया पारा

मध्य प्रदेश में शीतलहर की वजह से तापमान में लगातार गिरावट आ रही है, प्रदेश के हिल स्टेशन में पचमढ़ी में 4.8 डिग्री पर पहुंच गया है। उमरिया में 5 डिग्री, रीवा में 5.6 डिग्री, दमोह में 6.8 डिग्री, जबलपुर में 7.6 डिग्री, छिंदवाड़ा में 9.6 डिग्री, बैतूल में 5.2 डिग्री, ग्वालियर में 6.8 डिग्री, रायसेन में 5 डिग्री, रतलाम और उज्जैन में 6.4 डिग्री, भोपाल में भी 6.4 डिग्री, खरगोन में 6.8 डिग्री और इंदौर में 8.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
-
22 जनवरी को कई इलाकों हो सकती है बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि हवा का रुख लगातार उत्तरी बना हुआ है। करीब 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवाओं के चलने के कारण प्रदेश में ठंड के तेवर तीखे बने हुए हैं। साहा के मुताबिक सोमवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दाखिल होगा। उसके प्रभाव से हवाओं का रुख बदलेगा। वातावरण में नमी आने से बादल छाने लगेंगे। इससे रात के तापमान में इजाफा होने लगेगा और ठंड से राहत मिलेगी। 22 जनवरी को राजधानी सहित प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती है।
-
रविवार को मध्य प्रदेश में खरगोन रहा सबसे ठंडा, पारा 6 डिग्री
रविवार को मध्य प्रदेश में 15 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और उससे कम दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री खरगोन में रिकॉर्ड किया गया। उधर, राजधानी में लगातार दूसरे दिन रविवार को भी तीव्र शीतल दिन रहा। इंदौर, बैतूल, उज्जैन में भी तीव्र शीतल दिन रहा। शाजापुर, सागर, खंडवा, राजगढ़, खरगोन और धार में शीतल दिन रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार से बादल छाने का सिलसिला शुरू हो सकता है। दो दिन बाद बरसात होने की भी संभावना है।