शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 113 अंक नीचे

शेयर बाजार में शुक्रवार को गिरावट का दौर रहा। सुबह 9.45 बजे सेंसेक्स 146 अंकों की गिरावट के साथ 41,477 पर रहा, वहीं निफ्टी में 51 अंकों की मंदी रही और यहां 12,230 पर ट्रेडिंग हुई। इससे पहले प्री-ओपनिंग में 9.28 बजे सेंसेक्स 105 अंकों की गिरावट के साथ 41,521 पर था, वहीं निफ्टी में भी 35 अंकों की गिरावट रही। इससे पहले गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी गई थी। सेंसेक्स 320 अंक से ज्यादा चढ़ा और निफ्टी ने नया सर्वकालिक ऊंचा स्तर बनाया। वैश्विक बाजारों में मजबूती के बीच बुनियादी ढांचा, बैंकिंग और तेल-गैस शेयरों में खरीदारी से बाजार का रुझान मजबूत हुआ था।
सेंसेक्स 320.62 अंक (0.78 प्रतिशत) तेजी के साथ 41,626.64 पर बंद हुआ था। ट्रेडिंग के दौरान एक समय यह 41,649.29 के स्तर तक पहुंच गया था। निफ्टी भी 99.70 अंक (0.82 प्रतिशत) की बढ़त लेकर 12,282.20 पर रहा, जो इसका नया सर्वकालिक ऊंचा स्तर रहा था।
शेयर ट्रेडरों के मुताबिक मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए पर्चेडिंग मैनेजर इंडेक्स (पीएमआई) दिसंबर में सुधरने से निवेशकों का सेंटीमेंट लगातार दूसरे दिन मजबूत बना रहा। कुछ ट्रेडरों का यह भी मानना है कि दिसंबर में जीएसटी के तहत राजस्व संग्रह एक लाख करोड़ रुपए ऊपर जाने से भी शेयर बाजार को सपोर्ट मिला। इससे मांग में भी सुधार के संकेत मिलते हैं।
उधर चीन की आर्थिक रफ्तार सुस्त पड़ते जाने से निपटने के लिए वहां के केंद्रीय बैंक ने कुछ उपायों की घोषणा की। इससे एशियाई बाजारों के रुझान में सुधार आया और अंततः भारतीय बाजार में भी तेजी आई।